त्रिमुहानी घाट के पास संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पेड़ से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/बिमलेश कुमार पाण्डेय


महराजगंज: घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मेदनीपुर स्थित केवटानी टोला में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंडक नदी के किनारे त्रिमुहानी घाट के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा गया। दोपहर बाद ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


सूचना पर घुघली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्ते पासवान (20 वर्ष) पुत्र रामसमुझ पासवान, निवासी खानपुर छोटका टोला घुघली के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। थानाध्यक्ष घुघली के साथ चौकी इंचार्ज जखीरा उपनिरीक्षक दिलीप गौतम व पुलिस बल मौजूद रहा।


पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *