सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, प्रधान पति पर लगे आरोपों की जांच शुरू

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा कथित आपत्तिजनक वीडियो और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वायरल सामग्री में एक प्रधान पति और एक किशोरी को आपत्तिजनक स्थिति में दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है, हालांकि इसकी सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।


मामले को लेकर गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दूसरी ओर, आरोपों के घेरे में आए प्रधान पति ने वायरल वीडियो और तस्वीरों को भ्रामक बताते हुए अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।


सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद महराजगंज पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जारी जानकारी के अनुसार, मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी श्यामदेउरवा को निर्देशित किया गया है।


थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। बावजूद इसके, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल वायरल वीडियो और तस्वीरों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि अपुष्ट और भ्रामक सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *