टेढ़ी नदी में डूबे 17 वर्षीय तरुण का 24 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। कानपुर नर्सरी स्थित ग्राम टेढ़ी क्षेत्र में नदी में डूबे किशोर का शव लगभग 24 घंटे की कड़ी तलाश के बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


मृतक की पहचान तरुण अग्रहरि (17) पुत्र हरीश चंद्र अग्रहरि, निवासी सिसवानिया उर्फ शीशमहल, थाना परसामलिक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से टेढ़ी नदी के किनारे पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, फायर सर्विस तथा बचाव दल मौके पर पहुंचे। नदी किनारे युवक की चप्पल, कपड़े और चश्मा मिलने के बाद गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद नदी से उसका शव बरामद कर लिया गया।


शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *