सहकारी समिति की जमीन पर पुलिस चौकी प्रस्ताव का विरोध तेज, सदर विधायक संग किसानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज। सदर विकासखंड के बागापार स्थित साधन सहकारी समिति की भूमि पर प्रस्तावित पुलिस चौकी को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। शुक्रवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला तथा विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पूर्व में दिए गए प्रशासनिक निर्देशों का तत्काल पालन कराने की मांग की।


प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि ग्राम पंचायत बागापार की आराजी संख्या 1942, रकबा 0.089 हेक्टेयर पर करीब 40 वर्षों से साधन सहकारी समिति संचालित है। यह समिति न्याय पंचायत के लगभग दस गांवों के किसानों को खाद, बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ धान एवं गेहूं की सरकारी खरीद का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यदि इसी भूमि पर पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाता है तो किसानों की कृषि संबंधी सुविधाएं प्रभावित होंगी।


किसानों ने बताया कि वर्ष 2023 में समिति परिसर में पुलिस चौकी का बोर्ड लगाए जाने के बाद उन्होंने राजस्व अभिलेखों की जांच कराई थी। जांच में पता चला कि वर्ष 2020 में तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस चौकी के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके आधार पर खतौनी में पुलिस चौकी का नाम दर्ज कर दिया गया।


ग्रामीणों के अनुसार इस मामले को लेकर 19 अक्टूबर 2023 को भी जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। उस समय जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया था कि समिति की भूमि से पुलिस चौकी का नाम हटाकर पुनः साधन सहकारी समिति का नाम दर्ज कराया जाए तथा पुलिस चौकी के लिए ग्राम सभा की अन्य उपयुक्त भूमि चिन्हित की जाए। किसानों का आरोप है कि लंबे समय बीत जाने के बाद भी इस आदेश पर अमल नहीं हो सका।


शुक्रवार को सौंपे गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सहकारी समिति की भूमि को सुरक्षित रखा जाए और पुलिस चौकी के लिए किसी अन्य सरकारी भूमि का आवंटन किया जाए, ताकि किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
ज्ञापन सौंपने के बाद किसानों ने कहा कि यह केवल भूमि का मामला नहीं, बल्कि हजारों किसानों की कृषि व्यवस्था और सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़ा विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।


इस दौरान विजय सिंह संत, राजू विश्वकर्मा, रामराज चौरसिया, समाजसेवी उमेश चंद्र मिश्र, चंद्रभान पांडेय, शिवेंद्र त्रिपाठी, ओमप्रकाश यादव, सरदार प्रसाद, उतरी प्रसाद समेत बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *