हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज, 9 जून 2026। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के भारतखण्ड पकड़ी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिदायत अली (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय आशिक दिवान निवासी भारतखण्ड पकड़ी अपने घर के बाहर निकल रहे थे। बताया जा रहा है कि वह पहले से अस्वस्थ थे और बाहर निकलते समय संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उन्हें धक्का लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर तथा उसके चालक को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

