सोहसा बासपार में अवैध खनन पर मचा बवाल, ग्राम प्रशासक कार्यवाही के लिए पहुंचीं जिलाधिकारी कार्यालय

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

आरोप : चार दिनों से चल रहा था मिट्टी खनन, सरकारी चकमार्ग को पहुंची भारी क्षति


परतावल, महराजगंज। विकास खंड परतावल के ग्राम सभा सोहसा बासपार में सरकारी चकमार्ग की भूमि से कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला प्रकाश में आया है। ग्राम प्रशासक लीलावती देवी ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के पिछले कई दिनों से जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए सरकारी भूमि से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। आरोप है कि इस दौरान सरकारी चकमार्ग को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो गई है।


ग्राम प्रशासक ने अपने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि 8 जून की रात भी खनन कार्य जारी था। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारियों को दी गई, लेकिन इसके बावजूद सरकारी भूमि से मिट्टी निकाले जाने का सिलसिला नहीं रुका। परिणामस्वरूप चकमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया और क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।


उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध खनन में शामिल लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए तथा खनन कार्य में प्रयुक्त मशीनों और वाहनों को जब्त किया जाए। साथ ही सरकारी भूमि को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।


उधर, ग्रामीणों ने भी अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी भूमि और चकमार्गों को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है। मामले को लेकर अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *