विश्व पर्यावरण दिवस पर परतावल ब्लॉक में गूंजा हरियाली का संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल, महराजगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को परतावल ब्लॉक परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की और लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।


इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं, जो शुद्ध वातावरण, संतुलित जलवायु और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करते हैं।


कार्यक्रम में उपस्थित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अर्जुन प्रसाद ने भी लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।


कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर दीपक पाण्डेय, पुनीत पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, रोहित सहित ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी ने हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *