गोपाला में नाले के गंदे पानी से त्रस्त ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा (महराजगंज)।  विकास खंड सिसवा के ग्राम गोपाला में सड़क पर बह रहे नाले के गंदे पानी से परेशान ग्रामीणों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टालते रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर लगातार फैले गंदे पानी के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने पिछले वर्ष हुई एक दर्दनाक घटना का भी जिक्र किया। उनके अनुसार 10 जनवरी 2025 की शाम भागवत जायसवाल के मकान के पास सड़क पर भरे पानी के किनारे से गुजर रहे सीताराम उर्फ मोछू साहनी को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मोछू साहनी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम किया था। उस समय प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन डेढ़ वर्ष बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।


प्रदर्शन में आकाश, चांदमती, आरती, विन्द्रवती, गुजजी, मैना, शनिचरा, जिउति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीण दुर्गावती ने बताया कि सड़क पर फैले पानी के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और वह स्वयं भी फिसलकर घायल हो चुकी हैं। वहीं आकाश जायसवाल ने कहा कि आईजीआरएस समेत विभिन्न माध्यमों से कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाले के पानी की निकासी और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *