हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नवीन उपमंडी स्थल धनेवा-धनेई में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा जनपद के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनसहभागिता पर विशेष बल दिया गया।
अपने संबोधन में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृशक्ति के सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संकट वैश्विक चुनौती बन चुका है और इस दिशा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने अक्षय ऊर्जा, विशेषकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और भारत आज विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने जनपदवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही बताया कि 21 जून तक वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में लगभग छह लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी एवं पर्यावरण हितैषी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव बनेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी पौधे वितरित किए जा रहे हैं, जिससे समाज के सभी वर्गों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को सदैव पूजनीय माना गया है और प्रकृति के प्रति सम्मान हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रही है, भारत का यह अभियान वैश्विक स्तर पर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
कार्यक्रम को विधायक पनियरा एवं विधायक सदर ने भी संबोधित किया। इस दौरान किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा व्यक्तिगत शौचालय योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को एक-एक पौधा वितरित किया गया। जनपद के सभी विकास खंडों में लगभग छह लाख पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), भाजपा जिलाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।


