हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज/कोठीभार। कोठीभार थाना क्षेत्र के लोहेपार भट्टे के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में मृतक के परिजन ने थाने में तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार रजवल मदरहा निवासी टुनु पुत्र सत्यनारायण ने बताया कि 24 जुलाई 2026 को उसका छोटा भाई कृष्णा और चचेरा भाई शिवलाल पुत्र गोविंद मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी गए थे। देर रात करीब 9:30 बजे दोनों घर लौट रहे थे। आरोप है कि लोहेपार भट्टे के पास सिसवा से घुघली की ओर जा रहे ट्रक (संख्या BR06GG3482) के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आकर मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवलाल को राहगीरों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज रेफर कर दिया, जहां इमरजेंसी गेट पर पहुंचते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। 25 जुलाई को दोनों शवों का जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज में पोस्टमार्टम कराया गया। अंतिम संस्कार एवं अन्य धार्मिक क्रियाकर्म के बाद मृतक के भाई ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की पहचान और दुर्घटना के परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

