परतावल सीएचसी की पोषण वाटिका में लगाया आम का पौधा, स्वास्थ्य सेवाओं व स्वच्छता पर हुई समीक्षा बैठक
परतावल /महराजगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल की पोषण वाटिका में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और इसका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद विधायक ने सीएचसी परतावल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल परिसर की स्वच्छता तथा हरित वातावरण बनाए रखने के संबंध में चर्चा की। इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए कई दिनों से बंद पड़े वाटर कूलर की समस्या का संज्ञान लेते हुए उसके शीघ्र मरम्मत कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
विधायक ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि वह समय-समय पर सीएचसी का निरीक्षण करने आते रहेंगे। उन्होंने लगाए गए पौधे के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि पौधे का जीवित रहना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उसका रोपण।
कार्यक्रम में पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंगद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, मंडल महामंत्री अजय गौतम, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, डॉ. प्रमोद यादव, संजीव सिंह, चंद्रभूषण, साशिविंद मिश्रा, हृदेश पटेल, इम्तियाज, अनिल यादव, छविनाथ, राधेश्याम सिंह, प्रतिनिधि नंदू दुबे, मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


