बेलवा टिकर में वाहन चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई, वैध दस्तावेज न मिलने पर सीज किए गए वाहन
हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज, 31 मई। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घुघली पुलिस ने सफेद बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों को सीज कर दिया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी एआरटीओ मनोज सिंह एवं थाना प्रभारी सुरज कुमार के नेतृत्व में रविवार को ग्राम बेलवा टिकर क्षेत्र में संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन संख्या UP 57 BT 8508 एवं UP 41 AT 2700 को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान दोनों ट्रकों पर सफेद बालू का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन चालक परिवहन संबंधी कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के चालकों फूलचंद मुना तथा नीतिश कुमार यादव के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, प्रभारी एआरटीओ मनोज सिंह, थाना प्रभारी सुरज कुमार सहित थाना घुघली की पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

