डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति एवं जनगणना जिला प्रभारी के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वर्ष 2027 में प्रस्तावित भारत की जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि वर्ष 2027 की जनगणना पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके लिए सीएमएमएस पोर्टल, स्व-गणना पोर्टल तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से दो चरणों में गणना कार्य सम्पन्न कराया जाएगा।
पहले चरण में मकान गणना/मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 के बीच किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के मध्य सम्पन्न होगी। विशेष बात यह है कि प्रथम चरण में 7 मई से 21 मई 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी। इस अवधि में आमजन census.gov.in/se पोर्टल के माध्यम से 33 बिंदुओं वाली जनगणना प्रश्नावली स्वयं भर सकेंगे। विवरण दर्ज करने के बाद संबंधित परिवार को एक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर आगमन के समय प्रस्तुत करना होगा। संदर्भ संख्या के मिलान के पश्चात भरा गया विवरण प्रगणक के मोबाइल ऐप पर प्रदर्शित होगा और सत्यापन के बाद डेटा सुरक्षित कर लिया जाएगा। स्व-गणना की प्रक्रिया एक परिवार में केवल एक सदस्य द्वारा ही की जाएगी।
बैठक में जनपद में जनगणना कार्य के सुचारु संचालन हेतु चार तहसीलों एवं 11 निकायों को चार्ज स्तर प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग की अधिसूचना (दिनांक 9 जनवरी 2026) के तहत सभी तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारियों को चार्ज अधिकारी नामित किया गया है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक जनगणना संपन्न कराने के निर्देश दिए।


