मंदिर परिसर के बाहर मांस मिलने से फैली अफवाह, 13 वर्षीय बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 21 अप्रैल 2026। थाना नौतनवा क्षेत्र के खोरिया बाजार में स्थित शिव मंदिर के पास मांस का टुकड़ा मिलने की सूचना से क्षेत्र में हलचल मच गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले में तत्परता से कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी सोनू मोदनवाल निवासी सिसवा उर्फ खोरिया बाजार ने थाना नौतनवा में सूचना दी कि 19 अप्रैल की रात करीब 9 बजे मंदिर परिसर में किसी ने मांस फेंककर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है।


सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि यह कृत्य 13 वर्षीय नाबालिग द्वारा किया गया था। पुलिस ने बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है, वहीं उसके अभिभावकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मांस का टुकड़ा मंदिर परिसर के अंदर नहीं बल्कि बाहर पाया गया था। यह घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है।


पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *