सऊदी अरब में महराजगंज के युवक की मौत, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली/महराजगंज। रोज़गार की तलाश में सऊदी अरब गए महराजगंज के एक प्रवासी युवक की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम डेरवा टोला निवासी अफजल खान उर्फ वीरु (26 वर्ष) पुत्र तक्सीम लगभग तीन वर्ष पूर्व बेहतर आजीविका की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह एक निजी कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत थे और विदेश में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।


परिजनों के अनुसार अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। अफजल की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके निधन से वृद्ध माता-पिता, पत्नी और बच्चों का सहारा छिन गया है।


मृतक अपने पीछे पत्नी शबाना तथा तीन मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।


परिजनों ने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अफजल का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके। युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *