अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर पकड़ी नौनिया में गोष्ठी, वन विभाग ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पकड़ी वन रेंज अंतर्गत ग्राम सभा पकड़ी नौनिया में गुरुवार को जन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना रहा। गोष्ठी में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जैव विविधता के महत्व, स्थानीय वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा तथा सतत विकास के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों को बताया गया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में जैव विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पेड़-पौधे, वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा मानव जीवन के लिए भी आवश्यक है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण संतुलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और लोगों के जीवनयापन का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि जंगल, जल स्रोत और वन्यजीव हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों से प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए आगे आने तथा बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि समाज की जागरूकता से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं वनकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता बचाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के कर्मचारी, ग्राम प्रधान इन्द्रमणि वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

