भिटौली/महराजगंज। नेपाल के प्यूठान जिले में बीते महीने हुए दर्दनाक बस हादसे ने एक बार फिर सेमरा राजा गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई पूजा मौर्या (पुत्री रामउदय मौर्या) ने शुक्रवार को इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को सेमरा राजा समेत आसपास के क्षेत्रों के 21 श्रद्धालु नेपाल स्थित प्रसिद्ध स्वर्गद्वारा धाम के दर्शन के लिए बस से रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान प्यूठान जिले के भीगरी क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही सेमरा राजा निवासी निर्मला देवी और उनकी पुत्री काव्या की मौत हो गई थी, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद नेपाल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। पूजा मौर्या की हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी और वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थीं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
पूजा की मौत के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

