जर्जर हाईटेंशन लाइन से दहशत में ग्रामीण, डीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



“कटहरा खास के निठुरी नगर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। नीचे झूलते और क्षतिग्रस्त तारों से हर वक्त हादसे का खतरा बना हुआ है। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर तत्काल मरम्मत और तार बदलवाने की मांग उठाई है।”


महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा खास स्थित निठुरी नगर में जर्जर हाईटेंशन विद्युत लाइन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के तार कई जगहों पर ढीले होकर नीचे लटक गए हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि हाईटेंशन लाइन आवासीय मकानों और मुख्य रास्ते के ऊपर से गुजर रही है। कई स्थानों पर तार खतरनाक स्थिति में झूल रहे हैं, जिससे बच्चों, राहगीरों और पशुओं की जान पर खतरा मंडरा रहा है। गांव के मुख्य मार्ग के पास एक पोल के समीप तार टूटकर नीचे लटकने से लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है।


ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विद्युत विभाग को तत्काल निर्देश देकर जर्जर तारों को बदलवाया जाए तथा नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में मिथिलेश सिंह, रवींद्र जैन, अर्जुन मौर्य, मनोज गौतम, गुलशन कुमार, शैलेश कुमार, अंगद, नरेंद्र, बीरेंद्र, अमरजीत और आशीष समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *