थाने के करीब खुलेआम बोतलों में बिक रहा पेट्रोल, कार्रवाई न होने पर उठ रहे सवाल
महराजगंज जनपद के सेन्दुरिया थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से पेट्रोल बिक्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। थाना परिसर से चंद कदमों की दूरी पर सड़क किनारे बोतलों में पेट्रोल बेचने का धंधा खुलेआम जारी रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों की अनदेखी के चलते यह कारोबार बेखौफ तरीके से संचालित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सेन्दुरिया-निचलौल मार्ग पर पेट्रोल पंप के आसपास कुछ लोग पेट्रोल को प्लास्टिक और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में भरकर निर्धारित दर से कहीं अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक जरूरतमंद वाहन चालकों से करीब 180 रुपये प्रति लीटर तक वसूले जा रहे हैं। इससे आम लोगों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि सड़क किनारे खुले में ज्वलनशील पदार्थ रखने और बेचने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह पेट्रोल बिक्री सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी है। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से अवैध पेट्रोल बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की

