हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। स्थानीय नगर के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालय सावित्री पब्लिक स्कूल में गुरुवार से तीन दिवसीय समर कैंप एक्टिविटीज का भव्य शुभारंभ हुआ। 21 से 23 मई तक चलने वाले इस कैंप का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक बी. के. पांडेय, असिस्टेंट डायरेक्टर जया पांडेय एवं प्रधानाचार्या प्रीति पांडेय ने मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया।
समर कैंप के पहले दिन बच्चों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से योगाभ्यास कराया गया। इसके बाद प्रो ताइक्वांडो एकेडमी के अनुभवी प्रशिक्षकों ने बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए ताइक्वांडो का विशेष प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पश्चिम बंगाल से आए मशहूर जादूगर एस. कुमार का मैजिक शो रहा। उन्होंने बच्चों को लगभग 30 हैरतअंगेज जादुई करतब दिखाए, जिन्हें देखकर बच्चे रोमांचित हो उठे और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार कैंप के अगले दो दिनों में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 22 मई को योग और ताइक्वांडो अभ्यास के साथ बच्चों को पॉटरी के माध्यम से मिट्टी के आकर्षक बर्तन बनाना सिखाया जाएगा। वहीं अंबिका एसोसिएट्स द्वारा पुस्तकों एवं बच्चों के खिलौनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
समर कैंप के अंतिम दिन 23 मई को फायरलेस कुकिंग, पेंटिंग प्रतियोगिता, डांस एवं म्यूजिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के निदेशक बी. के. पांडेय ने समर कैंप के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों को सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों के प्रति आभार भी जताया।

