महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के कस्बा कोल्हुई स्थित सोनार गली में मंदिर की देव प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने मंदिर में स्थापित देव प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश वर्मा पुत्र जयप्रकाश वर्मा निवासी ग्राम कुशहा थाना कोल्हुई जनपद महराजगंज, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में की।
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोल्हुई में मु0अ0सं0 60/2026 धारा 298 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह एवं कांस्टेबल राकेश सिंह शामिल रहे।

