हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के अमडीहा रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:16 बजे मेमो के माध्यम से सूचना मिली कि अमडीहा रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हुई है।
मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों तथा नजदीकी गांवों में पूछताछ की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान कराने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

