महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर नहर पुल के समीप मंगलवार को एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अहिरौली गांव निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मण निषाद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार लक्ष्मण निषाद रोज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह किसी कार्य से पिपरा खादर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि लौटते समय वह नहर किनारे रास्ते में एक पेड़ के नीचे कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे होंगे।
राहगीरों ने जब उन्हें नहर किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही पत्नी ममता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की बाईं आंख के पास हल्की चोट का निशान मिला है, जबकि शरीर पर अन्य गंभीर चोटें नहीं पाई गई हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मण निषाद पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके पांच छोटे बच्चे हैं। करीब एक वर्ष पूर्व पिता के निधन के बाद परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। अब इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

