हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
फरेंदा/महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा-परसौनी में बरसात के साथ ही जलभराव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।
एनएच-24 से सोनवल गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बारिश के दिनों में लंबे समय तक पानी में डूबा रहता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे राहगीरों को फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय और मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें पानी से होकर स्कूल आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इस समस्या को प्रशासन के सामने रखा गया था, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। परिणामस्वरूप हर बरसात में वही स्थिति दोहराई जाती है और ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी फरेंदा को ज्ञापन देकर सड़क के किनारे नाली निर्माण कराने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।

