पेट्रोल पंप पर युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरियारपुर टोला बगहिया में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल लेने पहुंचे एक युवक पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।


मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर टोला बगहिया निवासी सुनील वर्मा का पुत्र शिवम वर्मा दोपहर करीब दो बजे पेट्रोल लेने के लिए गांव स्थित पेट्रोल पंप पर गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ दबंग युवकों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।


घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को हमलावरों से बचाया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन घायल शिवम को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए।


घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं भिटौली थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *