सक्सेना चौक गोवंश अस्थि प्रकरण: तीन सदस्यीय जांच समिति गठित, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 17 फरवरी 2026। सक्सेना चौक पर गोवंश की अस्थियां रखकर किए गए प्रदर्शन के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समिति संपूर्ण मामले की गहन जांच कर तीन दिवस के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करे। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


प्रकरण के संबंध में जिला विकास अधिकारी/प्रभारी खंड विकास अधिकारी सदर ने बताया कि गौआश्रय स्थल अहमदपुर हड़हवा में वर्तमान में 123 गोवंश संरक्षित हैं। सोमवार को नगर पालिका परिषद महराजगंज के वाहन से सात निराश्रित गोवंश दोपहर 12:30 बजे यहां लाए गए, जिनमें एक बछड़े की स्थिति गंभीर थी। उपचार के दौरान अपराह्न 1:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। पशु चिकित्सकीय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बछड़े की मृत्यु पेट में अत्यधिक प्लास्टिक पाए जाने से उत्पन्न टिम्पेनाइटिस (पेट फूलना) के कारण हुई।


बीडीओ सदर के अनुसार, घटना के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने गोशाला परिसर में प्रदर्शन किया तथा मृत गोवंश के शव को जबरन कब्जे में लेने का प्रयास किया। आरोप है कि बाद में सुनियोजित षड्यंत्र के तहत शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से अन्य स्थान से अस्थियां एकत्र कर उन्हें गोशाला से प्राप्त दर्शाते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया गया। इस संबंध में संबंधित सचिव द्वारा तहरीर दी जा रही है।

प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने दोनों गौआश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। अहमदपुर हड़हवा में 50 कुंतल भूसा, 12 कुंतल चोकर, 6 कुंतल पशु आहार, एक एकड़ बरसीम (हरा चारा), 3 कुंतल साइलेज तथा 3.5 कुंतल चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया। वहीं गौआश्रय स्थल चेहरी में 535 गोवंश संरक्षित मिले, जहां 880 किलोग्राम चोकर, 650 किलोग्राम पशु आहार, 100 किलोग्राम साइलेज तथा 3500 किलोग्राम भूसा उपलब्ध पाया गया।


जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल के प्रति वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयासों को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


— जिला सूचना कार्यालय, महराजगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *