महराजगंज। जनपद के थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम से अभद्रता करने एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में अपराध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार की शाम उ0नि0 मंगला प्रसाद अपनी टीम के साथ ग्राम बडहरा बरईपार स्थित चिलम चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करीब 7:30 बजे चौराहे के समीप स्थित एक मकान से कुछ लोग बाहर आए और वाहन चेकिंग का विरोध करने लगे।
पुलिस के अनुसार रामा चौधरी, संजय गुप्ता, अंगीरा तथा सोहन चौधरी ने शराब के नशे में पुलिस कर्मियों से अभद्र व्यवहार किया तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। आरोप है कि उक्त लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए वर्दी उतरवाने जैसी धमकियां भी दीं, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस टीम ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित उग्र बने रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामा चौधरी पुत्र रामचन्दर चौधरी, संजय गुप्ता पुत्र अयोध्या गुप्ता तथा सोहन चौधरी पुत्र दीनानाथ चौधरी निवासी महम्मदा टोला पिपरहवा (चिलम चौक), थाना श्यामदेउरवां को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
उ0नि0 मंगला प्रसाद की तहरीर पर थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 145/2026 के तहत धारा 132, 121(2), 351(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

