“परतावल क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर हादसे की वजह बनी। धर्मौली पुल के समीप बाइक फिसलने से तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।”
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर 5 निवासी तीन युवक दिलीप, रंजय और मंटू एक ही बाइक पर सवार होकर कप्तानगंज की ओर से लौट रहे थे। जैसे ही वे धर्मौली पुल के पास पहुंचे, सड़क किनारे फैले बालू पर बाइक अचानक असंतुलित हो गई और फिसलकर पलट गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिलीप और मंटू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया, जबकि रंजय का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है।


