ग्रापए मनाएगा संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि
महराजगंज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी की 39वीं पुण्यतिथि को “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में पूरे प्रदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इसी क्रम में जनपद महराजगंज में 27 मई 2026 को परतावल ब्लाक सभागार में प्रातः 10 बजे भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों और संगठन पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय व नीरज कुमार मिश्र ने बताया कि स्वर्गीय बालेश्वर लाल ने ग्रामीण पत्रकारिता को नई पहचान दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने गांव, गरीब, किसान और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया। यही कारण है कि आज भी ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणास्रोत माना जाता है। जिन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया है।
आयोजन में जिले के वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, बदलते मीडिया परिवेश और पत्रकारों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत कड़ी है। गांव और कस्बों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में ग्रामीण पत्रकारों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना समाज के प्रति उनके योगदान का सम्मान है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जिले के सभी पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

