महराजगंज। वन विभाग के सोहागीबरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत पकड़ी रेंज के कटहरा वन चौकी पर मंगलवार को मानव–वन्यजीव संघर्ष, वन एवं वन्यजीव संरक्षण तथा जनसमस्याओं के संबंध में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के लिए चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से बचाव, वन्यजीवों के प्रति जागरूकता, जंगल एवं पर्यावरण संरक्षण, अवैध कटान की रोकथाम तथा वन विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और अफवाहों से बचें।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी राजेंद्र निरंजन सुर्वे, क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा गौरव त्रिपाठी, विपुल मिश्रा, बृजेश चौहान, रामानंद मौर्य, वन रक्षक दीपक साहनी, विक्रांत सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।


