पंचायत भवन बना  चोरों का निशाना, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बसहिया खुर्द में दूसरी बड़ी वारदात से दहशत, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बसहिया खुर्द गांव में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बंद मकान में लाखों रुपये की चोरी की घटना के महज चार दिन बाद अब चोरों ने ग्राम पंचायत भवन को निशाना बनाकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।


सोमवार देर रात अज्ञात चोर पंचायत भवन का ताला काटकर अंदर घुस गए और वहां रखे सरकारी उपकरण समेट ले गए। चोर कंप्यूटर सेट, सीपीयू, मॉनीटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस समेत अन्य जरूरी सामान उठा ले गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान मिटाने के लिए पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर साथ ले गए, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके।


मंगलवार सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले तो पंचायत भवन का दरवाजा खुला देख उन्हें शक हुआ। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब मिले। सूचना मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि राकेश पटेल मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।


लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त नाम मात्र की हो गई है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। एक के बाद एक वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा दी है।


सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवां पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *