खेत में लगी आग की लपटें पहुंची घर तक , 20 टाली पशुओं का चारा जलकर खाक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। जनपद के थाना चौक क्षेत्र के ग्राम दरहटा टोला लालपुर में लापरवाही के चलते आगजनी की एक गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी छोटे लाल (पुत्र गनेश) का आरोप है कि पटेल नगर वार्ड नंबर 3, नगर पंचायत चौक निवासी छेदी प्रसाद अपने खेत में अवशेष जलाने के लिए आग लगा रहे थे।


बताया जा रहा है कि आग पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका, जिससे तेज हवा के चलते लपटें फैलकर छोटे लाल के घर तक जा पहुँचीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा करीब 20 टाली भूसा पूरी तरह जलकर राख हो गया।


घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। छोटे लाल ने बताया कि भूसा जल जाने से पशुओं के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है, जिससे उनकी आजीविका पर भी असर पड़ेगा।


पीड़ित ने थाना चौक में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी खेतों में आग लगाने की ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *