औचक निरीक्षण में खुली अनियमितताओं की पोल, बिना अनुमति संचालित मिलीं हाईस्कूल-इंटर की कक्षाएं

कोचिंग सेंटरों को भी चेतावनी, नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। परतावल क्षेत्र के धर्मपुर में सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रदीप कुमार शर्मा ने विभिन्न विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित होती मिलीं, जिस पर डीआईओएस ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरके अकैडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रधानाचार्य मौके से अनुपस्थित मिले। वहां मौजूद उदय शंकर मौर्य ने बताया कि विद्यालय की मान्यता जूनियर हाई स्कूल स्तर तक है, जबकि उससे ऊपर की कक्षाएं भी संचालित की जा रही थीं। इस पर डीआईओएस ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद टीम ने आदर्श शिक्षा सेवा संस्थान का निरीक्षण किया, जहां परिसर में सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर का बैनर लगा मिला। अभिलेखों की जांच में विद्यालय की मान्यता जूनियर हाई स्कूल तक पाई गई, लेकिन मौके पर हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर की कक्षाएं संचालित होती मिलीं। इस पर तत्काल नोटिस जारी करते हुए सभी अनधिकृत कक्षाएं बंद करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, होप कोचिंग क्लासेस धर्मपुर गांव में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्था कोचिंग के रूप में पंजीकृत है, लेकिन कोई स्पष्ट बोर्ड नहीं लगाया गया था। मौके पर कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं मौजूद मिले। डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए संचालकों को नोटिस जारी किया और निर्देश दिया कि कोचिंग का संचालन विद्यालय समय से अलग किया जाए।
इसी क्रम में आर.एस.के. इंस्टीट्यूशन में भी निरीक्षण किया गया। यहां प्राथमिक स्तर की मान्यता होने के बावजूद कक्षा 9 एवं 10 के छात्र पढ़ते मिले। इस पर तत्काल प्रभाव से कक्षाएं बंद कराई गईं तथा नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करना शिक्षा विभाग के नियमों का गंभीर उल्लंघन है। सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं और भविष्य में यदि दोबारा ऐसी अनियमितता पाई गई तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

