गुलरिया थाना क्षेत्र का मामला, सास ने दी पुलिस को तहरीर, पोते घर लौटे
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां अपने ही घर में ‘भूत भगाने’ के बहाने बुलाए गए तांत्रिक के प्रेम जाल में ऐसी उलझी कि शनिवार की रात उसे सब कुछ छोड़कर तांत्रिक संग फरार होना पड़ा। महिला के विदेश में रह रहे पति की मां ने पुलिस थाने में तहरीर देकर बहू और तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रेतबाधा का इलाज बना प्रेम प्रसंग
मामला गुलरिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। फरियादी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा विदेश में रहता है। घर पर वह अपने दो पोते और बहू के साथ रहती है। शादी के शुरुआती दिनों से ही बहू अजीब हरकतें करने लगी थी—कभी घर में हंगामा करती, तो कभी कहती उस पर प्रेत का साया है। परिवार वालों ने झाड़-फूंक के लिए एक तांत्रिक को बुलाया। तांत्रिक अक्सर घर आने लगा और इलाज के बहाने बहू से बातचीत बढ़ी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध पनप गए।
अचानक हुआ फरार
परिवार ने बताया कि तांत्रिक के आने के बाद बहू का व्यवहार भी बदल गया। उसने झगड़ा करना बंद कर दिया, जिससे सबको लगा कि समस्या खत्म हो गई। लेकिन शनिवार को रिश्तेदार के यहां एक मांगलिक कार्यक्रम में जाते समय बहू तांत्रिक के साथ गायब हो गई। रिश्तेदारों ने फोन करके बताया कि दोनों बच्चे उनके पास हैं, लेकिन बहू तांत्रिक संग फरार हो गई है।
सास की गुहार – “पोते मेरे पास, बहू को वापस लाइए”
फरियादी महिला का कहना है कि पोते अब उसके पास हैं, मगर बहू के फरार होने से परिवार बड़ी मुश्किल में है। “बेटा विदेश में है, बच्चों की परवरिश कैसे करूंगी? पुलिस से आग्रह किया है कि बहू को किसी तरह वापस लाया जाए।”
पुलिस कर रही जांच
इस मामले पर एसपी नॉर्थ ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही फरार महिला और तांत्रिक को बरामद कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

