हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर देऊरवां निवासी हेकामुद्दीन की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर सोमवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच व आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
बताया जा रहा है कि 10 मई की रात हेकामुद्दीन घर से निकले थे। अगले दिन 11 मई की सुबह उनका शव गांव के पास स्थित एक पुलिया के नीचे मिला। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
इसी क्रम में एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।
जिलाध्यक्ष सरवर खान ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सफी मोहम्मद प्रभारी सदर विधानसभा, वसी अहमद अध्यक्ष सदर विधानसभा, मोहिउद्दीन सिद्दीकी यूथ जिलाध्यक्ष, सलीमुल्लाह खान, मौलाना अलीशेर जिला सचिव, सूरज गुप्ता कोषाध्यक्ष, रमजान अली, सैफ अली खान, मुबारक अली जिला सदस्य, सनौवर, जियाउल, हाफिज अली हसन खान जिला संगठन मंत्री, मोहित व संजय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

