हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद की पुरन्दरपुर पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मल्हनी फुलवरिया लूटकांड का सफल अनावरण करते हुए 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, एक अपाचे बाइक समेत घटना में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के संबंध में बताया गया कि 14 मई 2026 को थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र के मल्हनी फुलवरिया के पास बदमाशों ने अपाचे बाइक सवार दुकानदार रंजीत सोनी के साथ मारपीट कर उसकी बाइक और ज्वेलरी लूट ली थी। घटना के बाद थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस वारदात का मुख्य सरगना सनोज वर्मा था। आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक दुकानदार की रेकी कर उसके आने-जाने और दुकान बंद करने के समय की जानकारी जुटाई थी। घटना वाले दिन भगवानपुर और मल्हनी फुलवरिया के बीच मोड़ पर आरोपियों ने अंग्रेजी शराब की बोतल से हमला कर दुकानदार को घायल कर दिया और बाइक व ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए। बाद में पहचान छिपाने के लिए लूटी गई ज्वेलरी को गलाने की भी कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब एक बजे आरोपी मधुकपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास लूट के माल के बंटवारे के लिए जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सनोज वर्मा निवासी इलाहाबास टोला श्रीनगर थाना कोल्हुई, समीर अहमद निवासी दुबौलिया हरपुर दर्जी टोला थाना बृजमनगंज, राजन उर्फ भोलू मौर्या निवासी मैनहवा टोला मंझरिया थाना कोल्हुई तथा मुकेश कुमार निवासी मटियहनवा टोला मुर्दहिया थाना बृजमनगंज शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 799 ग्राम चांदी, 1.3 ग्राम सोना, लूटी गई अपाचे बाइक सहित कुल चार मोटरसाइकिलें, कटर और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस सफल अनावरण में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया, स्वाट प्रभारी आशीष कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश कुमार सिंह समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

