श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में लोडर मशीन समेत तीन वाहन सीज, जांच जारी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह खनन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक लोडर मशीन, एक ट्रैक्टर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे खनन निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से मिट्टी खनन और परिवहन करते हुए वाहन पकड़े गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में लेकर श्यामदेउरवां थाना परिसर में खड़ा कराया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया।
खनन निरीक्षक ने बताया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

