महराजगंज। विकास खंड बृजमनगंज की ग्राम पंचायत धरैची सेमरहनी में आयोजित ग्राम चौपाल को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्राम पंचायत निवासी विक्रम मद्धेशिया ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि चौपाल की सूचना समय रहते ग्रामीणों तक नहीं पहुंचाई गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष नहीं रख सके।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना होता है, लेकिन सूचना के अभाव में अधिकांश लोग कार्यक्रम में शामिल ही नहीं हो पाए। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों पर पर्याप्त सुनवाई किए बिना ही औपचारिकताएं पूरी कर कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि चौपाल की जानकारी समय से सार्वजनिक की जाती तो अधिक संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकते थे। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मामले को लेकर कुछ ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत सहित संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों की सफलता के लिए पारदर्शिता और व्यापक सूचना प्रसार आवश्यक है।
इस बीच ग्राम चौपाल से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि वायरल सामग्री की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के लिए निर्धारित एजेंडे और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है तथा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।
अब मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचने के बाद संभावित जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

