विरोध और शोर मचाने पर मौके से भाग निकले युवक, परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय छात्रा को दो बाइक सवार युवकों द्वारा रोककर कथित रूप से अगवा करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के जुटने की आहट पाकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से छात्रा के परिजन सहमे हुए हैं।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब एक बजे विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्रा साइकिल से घर लौट रही थी। धर्मपुर पुल के पास दो बाइक सवार युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर युवकों ने उसे कुछ खिलाने-पिलाने की कोशिश भी की।
छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों युवक बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है।
छात्रा के पिता ने भिटौली थाने में तहरीर देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

