हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना कोठीभार पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एएसपी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर जांच की जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एएसपी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, रास्ते के विवाद, आपसी विवाद और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण करने पर जोर दिया। साथ ही पुराने और लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान कराना है। प्रत्येक फरियादी की बात सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए तथा उसे विधिसम्मत समाधान दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

