हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 22 अगस्त। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डूडा एवं नगरीय निकायों के कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में लक्ष्य के सापेक्ष कम आवेदन मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिसवा नगर पालिका में प्रतिदिन 100, नौतनवा और महराजगंज नगर पालिका में 50-50 तथा सभी नगर पंचायतों में 25-25 आवेदन कराने के निर्देश दिए। पीओ डूडा को स्वनिधि पोर्टल पर लक्ष्य और पूर्ति की सूचना नियमित रूप से अपलोड कराने तथा रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और वैश्विक नगरोदय सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। पीएम आवास योजना-शहरी 1.0 के ऐसे लाभार्थी, जिन्हें पहली किस्त मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए वसूली के लिए आरसी जारी कराने को कहा गया। उन्होंने पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में अपात्रों का चयन न करने और जांच के बाद ही प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों से निकायवार और योजनावार अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आगामी बैठक में आवंटन एवं व्यय का सही विवरण प्रस्तुत करने को कहा। ग्रांट रजिस्टर और संपत्ति रजिस्टर को अपडेट रखने तथा एक सप्ताह में सभी योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण की फोटोयुक्त आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व वर्षों की अधूरी योजनाओं को भी प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के कार्यों पर असंतोष जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एलडीएम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पीओ डूडा सहित सभी अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

