हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महाराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल कस्बे में रविवार को उस समय हलचल मच गई, जब खलीलाबाद निवासी एक युवती अपने माता-पिता और भाई के साथ कथित प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती ने युवक से शादी को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई और मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती पक्ष का आरोप था कि लंबे समय से संबंध होने के बावजूद युवक पक्ष शादी को लेकर टालमटोल कर रहा था। इसी बात को लेकर युवती अपने परिजनों के साथ युवक के घर पहुंची थी।
मौके पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति तनावपूर्ण होते देख डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और बाद में परतावल चौकी ले जाकर बातचीत कराई।
चौकी पर काफी देर तक चली पंचायत और समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई। युवती पक्ष का कहना है कि युवक पक्ष अब शादी के लिए तैयार हो गया है और आगे की प्रक्रिया परिवारों की आपसी सहमति से तय की जाएगी।
चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह ने बताया कि मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

