25वीं पुण्यतिथि पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण, वक्ताओं ने उनके योगदान को किया याद
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली, महराजगंज। घुघली विकास खंड के पंडितपुर गोड़धोवा स्थित वीपी त्रिपाठी इंटर कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक एवं संस्कृत के विद्वान स्वर्गीय विंध्याचल त्रिपाठी की 25वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी और संचालक चंद्रमौली त्रिपाठी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
प्रधानाचार्य कृष्णगोपाल उपाध्याय ने कहा कि समाज के लिए नेक कार्य करने वाले लोग हमेशा स्मरण किए जाते हैं। विंध्याचल त्रिपाठी ने क्षेत्र की बदहाली और शैक्षिक पिछड़ेपन को देखते हुए शिक्षा की ज्योति जलाने का संकल्प लिया था। उनके प्रयास से स्थापित विद्यालय आज क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटर स्तर तक कला एवं विज्ञान वर्ग की शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। इससे खासकर छात्राओं को दूर-दराज जाने की परेशानी से राहत मिली है।
दिनेश दुबे ने कहा कि विंध्याचल त्रिपाठी गरीब और जरूरतमंद लोगों के हितैषी थे। उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय परिसर में संरक्षक चंद्रमौली त्रिपाठी, प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी और कृतिमान त्रिपाठी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शैलेंद्र दुबे, श्रीनिवास दुबे, सुरेश दुबे, कृष्ण कुमार दुबे, महेंद्रनाथ दुबे, रामप्रीत पासवान, ओमेश्वर पांडेय, रविकेश गुप्ता, केशरीनंदन, अलाउद्दीन, जय गोविंद, अस्मिता त्रिपाठी, पूनम पटेल, संजना, फरिना, उजाला और बंदना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

