चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 67 लीटर अवैध व मिलावटी शराब संग दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। जनपद में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौक पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध कच्ची व मिलावटी शराब बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के दौरान थाना चौक पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से कुल 67 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 35 पैकेट “बंटी बबली लाइम” ब्रांड की मिलावटी शराब शामिल है, जिसकी कुल मात्रा करीब 7 लीटर बताई जा रही है। इसके अलावा 60 लीटर अवैध कच्ची शराब भी पुलिस ने जब्त की है।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के 24 नर्सरी निवासी सुग्रीव गुप्ता तथा चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा निवासी दिनेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित राय, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र यादव, कांस्टेबल संतोष चौहान, विशाल गुप्ता, महिला आरक्षी अनुराधा शर्मा एवं महिला आरक्षी सुनैना की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *