महराजगंज में 396 रिक्रूट आरक्षियों की भव्य पासिंग आउट परेड सम्पन्न

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 26 अप्रैल। रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज के परेड ग्राउंड में रविवार को रिक्रूट पुरुष आरक्षियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत भव्य पासिंग आउट (दीक्षांत) परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 396 रिक्रूट आरक्षियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा रहे। उनके आगमन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, वहीं प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन ने बैच लगाकर उनका अभिनंदन किया।


मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिक्रूट आरक्षियों के अनुशासन, उत्कृष्ट टर्न-आउट, कदमताल और समन्वय की सराहना करते हुए इसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया।


दीक्षांत परेड में विभिन्न अंतः एवं बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित किया गया। अंतः विषय में रजनीश पाण्डेय तथा बाह्य विषय में विपिन पाण्डेय प्रथम स्थान पर रहे। वहीं सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए रजनीश पाण्डेय को 1500 में से 1247 अंक प्राप्त कर सम्मानित किया गया।


परेड कमांडर के रूप में विशाल सिंह प्रथम, विपिन पाण्डेय द्वितीय तथा संदेश प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा शारीरिक प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, भीड़ नियंत्रण, यातायात, योगासन तथा विशेष अभियान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को भी पुरस्कृत किया गया।


पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, अनुशासन एवं कौशल को अब व्यवहारिक जीवन में लागू करना आवश्यक है। उन्होंने नवप्रशिक्षित आरक्षियों को पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग अपनाने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने की सीख दी।


उन्होंने यह भी बताया कि रिक्रूट आरक्षियों को साइबर अपराध, डिजिटल तकनीक एवं आधुनिक पुलिसिंग से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे बदलती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।


कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रशिक्षित आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, प्रशिक्षण इकाई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *