अनुदेशकों के सम्मान में सजा भव्य समारोह, सरकार की पहल से बढ़ा उत्साह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया गया जोर

कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह, चयनित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह व प्रतीकात्मक चेक देकर किया गया सम्मानित


महराजगंज, 17 मई। जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण को लेकर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष मुख्य अतिथि तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अतिथियों के स्वागत के बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कस्तूरबा गांधी विद्यालय सदर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग दिया।


समारोह में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित अनुदेशकों — सुमन वर्मा, विनीत कुमार, उमेश गुप्ता, बैजनाथ यादव, जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी सिंह, किरण देवी, नरेंद्रनाथ त्रिपाठी, रंजीव कुमार यादव, चंद्रकला सिंह, अशोक कुमार एवं बलदेव सहानी को मंच पर प्रतीकात्मक चेक, फोल्डर, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 110 अन्य अनुदेशकों को भी फोल्डर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अनुदेशकों ने सुना।


भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुदेशकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। मानदेय वृद्धि उनके परिश्रम का सम्मान है और इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने की अपील भी की।


मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अनुदेशक बेसिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय वृद्धि का निर्णय ऐतिहासिक है, जिससे अनुदेशकों का मनोबल बढ़ेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।


मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय की बधाई दी।


इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी घुघली चंद्रभूषण पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी पनियरा शिवकुमार, एसआरजी लवकुश वर्मा, सत्यप्रकाश वर्मा, के.एम. पटेल, एआरपी संजय शुक्ला, मोतीलाल, देवेंद्र पटेल, विनोद मिश्रा, सुनील यादव, अनिल, पंकज मौर्य, जितेंद्र सिंह, अंभोज मिश्र, अरविंद जायसवाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन अरविंद जायसवाल ‘सरस’ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *