सीईआईआर पोर्टल की मदद से 101 गुम मोबाइल बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज पुलिस ने 30 लाख रुपये के स्मार्टफोन मालिकों को लौटाए, लोगों ने जताया आभार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 14 मई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल ने सीईआईआर पोर्टल और आधुनिक तकनीकी माध्यमों की सहायता से गुम हुए 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर आधारित ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोज निकाले। बुधवार को पुलिस कार्यालय में सभी मोबाइल स्वामियों को बुलाकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने महराजगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग आज की जरूरत है और सीईआईआर पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म नागरिकों की संपत्ति सुरक्षित रखने में बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।


ऐसे गुम हुए थे मोबाइल


सर्विलांस जांच में सामने आया कि कई मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान गिर गए थे। कुछ मोबाइल बस, ऑटो और टैक्सी यात्रा के दौरान छूट गए, जबकि कई मोबाइल बाइक चलाते समय जेब से गिर गए। इसके अलावा पार्कों, बारातों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भी कई लोग अपने मोबाइल भूल गए थे।


बरामदगी करने वाली टीम


इस अभियान में सर्विलांस सेल के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सुशील सिंह, शिवानंद पासवान, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *