हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज| जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मुडेरी में रेलवे लाइन ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। गांव के बीच से गुजर रही रेलवे लाइन के चलते आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास अथवा पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन ने गांव को दो हिस्सों में बांट दिया है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जो हमेशा खतरे से भरा रहता है। कई बार अचानक ट्रेन आ जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं महिलाओं और बच्चों को भी बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे लोगों में भय बना रहता है।
गांववासियों ने बताया कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कत होती है। एंबुलेंस को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है और मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। इसके अलावा बैंक, बाजार और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए भी लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे लाइन के नीचे रोड अंडर ब्रिज (RUB) अथवा पुलिया का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि अंडरपास बनने से गांव के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और संभावित हादसों पर भी रोक लग सकेगी।

