327 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, नेपाल बॉर्डर रूट पर बड़ी खेप पकड़ी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 26 अप्रैल। जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र में चकरार एसएसबी रोड के पास अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। संयुक्त टीम की घेराबंदी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 327.17 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया। बरामद माल 21 पैकेटों में रखा था, जिनमें प्रत्येक का वजन करीब 15 से 16 किलोग्राम बताया गया है।


सूत्रों के अनुसार, तस्करी के इस नेटवर्क का इस्तेमाल नेपाल सीमा से जुड़े मार्गों के जरिए किया जा रहा था। पकड़े गए अभियुक्त के पास से एक ट्रक (HR38W1261), मोबाइल फोन और एक पर्स में 260 रुपये नगद भी मिला है। बरामदगी से क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की आशंका जताई जा रही है।


गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रंजीत गिरि (37) निवासी गोपालपुर थाना क्षेत्र, जिला पश्चिमी चम्पारण, बिहार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई है, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।


इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद खेप की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *