सावित्री पब्लिक स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल, महराजगंज। सावित्री पब्लिक स्कूल, परतावल में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन एल.एन. पांडे ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ किया।


इसके बाद चेयरमैन एल.एन. पांडे एवं प्रधानाचार्या प्रीति पांडे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का खूब मनोरंजन किया। तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंजता रहा।


समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। चेयरमैन एल.एन. पांडे ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।


प्रधानाचार्या प्रीति पांडे ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार जताया। विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


अंत में बच्चों को मिठाई वितरित की गई। राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *